EMI बाउंस हो जाए तो क्या करें: चार्ज, CIBIL पर असर और ज़रूरी कदम

खाते में पैसे कम होने से EMI का ऑटो-डेबिट (NACH या e-mandate) फ़ेल हो जाए, तो घबराएँ नहीं — पर देर भी न करें। जितनी जल्दी बकाया चुकाएँगे, नुक़सान उतना कम होगा।

बाउंस होने पर क्या लगता है

  • बाउंस चार्ज: लेंडर का चार्ज आपके Key Fact Statement (KFS) में लिखा होता है; ऑटो-डेबिट फ़ेल होने पर आपका बैंक भी फ़ीस ले सकता है।
  • पीनल चार्ज: RBI के नियमों के अनुसार लेंडर देर से भुगतान पर तय पीनल चार्ज ले सकता है, पर ब्याज दर बढ़ाकर “पीनल ब्याज” नहीं ले सकता, और इस चार्ज पर ब्याज भी नहीं लगता।
  • ब्याज: बकाया EMI पर सामान्य ब्याज चलता रहता है।

CIBIL पर असर

लेंडर हर पंद्रह दिन में क्रेडिट ब्यूरो को जानकारी भेजते हैं, इसलिए कुछ दिनों की देरी भी रिपोर्ट में “days past due” के रूप में दिख सकती है। 90 दिन से ज़्यादा बकाया रहने पर लोन NPA माना जाता है, और यह रिकॉर्ड सालों तक रिपोर्ट में रहता है।

अभी क्या करें

  1. बकाया EMI जल्द से जल्द लेंडर के ऐप, वेबसाइट या उसके आधिकारिक पेमेंट लिंक से चुकाएँ, और रसीद रखें।
  2. किसी एजेंट के निजी खाते या UPI ID पर पैसा कभी न भेजें।
  3. अगली EMI से पहले खाते में पैसा रखें, ताकि एक बाउंस दो न बन जाए। सैलरी देर से आती हो तो लेंडर से EMI की तारीख़ बदलने को कहें।
  4. कुछ हफ़्ते बाद अपनी क्रेडिट रिपोर्ट देखें कि भुगतान दर्ज हुआ या नहीं।

नोटिस आए तो

बाउंस हुए ऑटो-डेबिट पर लेंडर Payment and Settlement Systems Act की धारा 25 के तहत शिकायत कर सकता है, पर पहले लिखित डिमांड नोटिस भेजना होता है। नोटिस मिलने के 15 दिन के अंदर बाउंस हुई रक़म चुका देने पर इस धारा के तहत शिकायत नहीं हो सकती। रिकवरी एजेंट सुबह 8 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद कॉल नहीं कर सकते, और धमकी या बदसलूकी नहीं कर सकते। ज़्यादा जानकारी (अंग्रेज़ी): default and legal action।

किसी मौजूदा लोन को लेकर शिकायत है? पहले लेंडर के शिकायत अधिकारी को लिखें — शिकायत निवारण.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

EMI बाउंस होने पर कितना चार्ज लगता है?

लेंडर का बाउंस चार्ज आपके Key Fact Statement में लिखा होता है, और आपका बैंक भी अपनी फ़ीस ले सकता है।

एक EMI बाउंस होने से CIBIL कितना गिरता है?

यह आपके पूरे रिकॉर्ड पर निर्भर करता है। बकाया जितनी जल्दी चुकाएँगे, असर उतना कम होगा; देरी बढ़ने पर असर बढ़ता है।